क्रिकेटर युवराज सिंह की दलित वर्ग पर की गई टिप्पणी का मामला, पंजाब-हरियाण कोर्ट में हांसी की SP ने कहा- क्रिकेटर ने किया SC/ST का अपमान
चंडीगढ़/हांसी। क्रिकेटर युवराज सिंह के खिलाफ हरियाणा के हांसी में SC/ST एक्ट के तहत दर्ज FIR के एक मामले में बुधवार को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। अदालत में हांसी की SP नीतिका गहलोत ने हलफनामा दायर कर मामले की स्टेटस रिपोर्ट कोर्ट को सौंपी। इस रिपोर्ट में SP की तरफ से कोर्ट को जानकारी दी गई है कि जिस शब्द का इस्तेमाल क्रिकेटर युवराज सिंह द्वारी किया गया था, वह हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में केंद्र के गजट के अनुसार दलित वर्ग से संबंध रखता है। और यह सीधे-सीधे तौर पर दलित वर्ग का अपमान है।
8 महीने पहले की थी शिकायत
हरियाणा के हांसी में पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह के खिलाफ इसी साल 14 फरवरी 2021 को हांसी में SC/ST एक्ट में केस दर्ज किया गया था। लेकिन यह केस नेशनल अलायंस और दलित ह्यूमन राइट्स के संयोजक रजत कलसन की 2 जून 2020 को दायर शिकायत के बाद दर्ज किया गया था। कलसन की शिकायत के मुताबिक युवराज सिंह ने दलित वर्ग को लेकर एक आपत्तिजनक टिप्पणी की है। बावजूद इसके इस शिकायत पर कार्रवाई करने में लगभग 8 महीने का समय लग गया।
युवराज सिंह की ओर से दी गई सफाई
इसके बाद युवराज सिंह की तरफ से भी पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई तो कोर्ट ने तत्काल ही कार्रवाई पर रोक लगा दी थी। युवराज सिंह की ओर से बताया गया था कि 1 अप्रैल 2020 को वह सोशल मीडिया पर अपने दोस्त रोहित शर्मा के साथ चैट कर रहे थे। इस दौरान वो लोग आपस में लॉकडाउन को लेकर चर्चा कर रहे थे। लेकिन चैट के दौरान उन्होंने मजाक में अपने साथी युजवेंद्र सिंह और कुलदीप यादव के लिए कुछ शब्द कह दिए थे। इसके तुरन्त बाद ही यह वीडियो वायरल हो गया और इसके साथ ही यह संदेश भी जोड़ दिया गया कि यह अनुसूचित जाति वर्ग का अपमान है।
युवराज सिंह ने अपने बयान में कहा कि वह शब्द उन्होंने अपने दोस्त के पिता के एक शादी में नाचने पर टिप्पणी के रूप में मजाकिया अंदाज में कहे थे। लेकिन इस स्पष्टीकरण के बावजूद FIR दर्ज कर ली गई। युवराज को अंतरिम जमानत देते हुए तब हाईकोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि लोगों को ऐसी बातें करने से बचना चाहिए, जिसका कोई गलत मतलब निकल सके। खासतौर पर यह बात मशहूर लोगों के मामले में ज्यादा लागू होनी चाहिए। क्योंकि लोग उन्हें सुनते हैं और फॉलो करते हैं।
from Hindi Khabar - 24x7 Hindi News Portal https://ift.tt/3aNFBJS
Comments
Post a Comment